Spread the love

बल्लारपुर, ( Rajya Reporter News ) : बल्लारपूर शहर के सरदार पटेल वार्ड स्थित एक बंद मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर 1 लाख 97 हजार रुपये मूल्य के नकद और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे। अंदर रखी लोहे की अलमारी और लॉकर के ताले तोड़कर उसमें रखा कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में 10 ग्राम सोने का गोफ ( कीमत 50 हजार रुपये ), 5 ग्राम सोने के झुमके ( कीमत 25 हजार रुपये ), 150 ग्राम चांदी का चॉल ( कीमत 15 हजार रुपये ), एक अन्य चांदी का चैन ( कीमत 7 हजार रुपये ) तथा 200 रुपये के नोटों के पांच बंडलों में रखी 1 लाख रुपये की नकदी शामिल है। कुल चोरी गए माल की कीमत 1 लाख 97 हजार रुपये बताई गई है।

इस मामले में मदनम्मा येंगुलवार की शिकायत पर बल्लारपुर पुलिस स्टेशन में अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गए सामान का सुराग लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के नागरिकों में चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *